-पचवान चौराहे पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग
फिरोजाबाद। भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने किसानों से खतौनी में नाम संशोधन, फार्मर रजिस्ट्री एवं राशन कार्ड बनवाने के नाम पर कथित रूप से अवैध धनराशि लिए जाने तथा पचवान चौराहा और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन से समाधान कराने की मांग की है।
भाकियू क्रांति के जिलाध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने एसडीएम सदर को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि खतौनी में नाम संशोधन कराने के लिए किसानों से एक से दो हजार रुपये तक की धनराशि मांगे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। किसानों के अनुसार नाम संशोधन के आवेदन पर लेखपाल की रिपोर्ट लगाने के नाम पर भी पैसे मांगे जाते हैं और धनराशि न देने पर कार्य लंबित रखा जाता है। इसी प्रकार राशन कार्ड से संबंधित कार्यों में समर्पण के नाम पर कार्ड काटे जाने तथा दोबारा राशन कार्ड बनवाने के नाम पर भी पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। यूनियन ने मांग की है कि खतौनी एवं किसान अभिलेखों में आवश्यक संशोधन समयबद्ध तरीके से कराया जाए। फार्मर रजिस्ट्री और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा किसानों से धनराशि लेने वाले कर्मचारियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही किसानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाने की व्यवस्था की जाए।
यूनियन ने पचवान चौराहा और आसपास के क्षेत्र में करीब पांच वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का भी मुद्दा उठाया है। यूनियन के अनुसार पुराना नाला टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है, जबकि पुलिया भी टूटने के साथ बंद होकर करीब तीन फीट नीचे धंस गई है। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। बारिश और नाले का पानी मकानों, दुकानों, सड़कों तथा खाली प्लॉटों में भरने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार जलभराव के कारण मकानों की नींव कमजोर होने, दीवारों में दरारें पड़ने और भवनों के जर्जर होने का खतरा भी बढ़ गया है। संगठन ने चेतावनी दी कि किसानों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में कमल किशोर, आयुष यादव, यतेंद्र यादव, दर्शन यादव, देवेन्द्र यादव, सचिन कुमार, अनुज प्रताप, निर्मल राजपूत, जितेंद्र चौहान, विकास जैन, उमाकांत यादव, गौरव यादव, योगेंद्र, पवन आदि मौजूद रहे।







