फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सनी उर्फ सनिया को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी के 10,520 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को आरोपी ने एक व्यक्ति से विक्की रुकवाकर लिफ्ट मांगी थी और पीछे बैठने के दौरान उसकी जेब से 30 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इस संबंध में तीन सितंबर को थाना रसूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सनी उर्फ सनिया और उसके एक साथी कुलदीप का नाम प्रकाश में आया था। शुक्रवार को रसूलपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम कनैटा से मोढ़ा जाने वाली सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल की पहचान सिरसागंज के खेमगंज गिहार कॉलोनी निवासी सनी उर्फ सनिया के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फिरोजाबाद और आगरा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में रसूलपुर पुलिस व सर्विलांस टीम शामिल रही।








