फिरोजाबाद। नारखी थाना क्षेत्र में कोटला के पास रविवार शाम कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची नारखी पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा। घायलों की पहचान अचल कुमार पुत्र राजू निवासी मरसलगंज, थाना नारखी और हरेंद्र उर्फ मोदी पुत्र रामगोपाल निवासी चमनपुरा, थाना फरिहा के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी कोटला के पास कोल्ड स्टोरेज के समीप उनकी बाइक की कार से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।





