फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नाबालिगों के ई-रिक्शा संचालन के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। रविवार को चलाए गए अभियान से ई-रिक्शा चालकों में खलबली मची रही।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के कुशल नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सिटी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित वाहनों के आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। पुलिस टीम ने विशेष रूप से जांच की कि कहीं नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा का संचालन तो नहीं किया जा रहा है। चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 12 ई-रिक्शों को सीज किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद वाहन चालकों एवं स्वामियों में हड़कंप की स्थिति मच गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और इससे स्वयं बच्चे के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। जनपद में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।





