-पुलिस ने चोरी किये हुए आभूषण, नींद की गोलियां व नकदी और चाकू किया बरादम
शिकोहाबाद। खिलोना कारोबारी को कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला कर अचेत कर दिया। उसके बाद किरायेदार ने अपने साथी के साथ मिल कर उसके पूरे घर को खंगाल लिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किये गये पीली व सफेद धातु के आभूषण, नकदी, नींद की गोलियां, चाकू बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
कटरा बाजार स्थित शान वाली गली निवासी एक खिलोना कारोबारी के यहां दो महीने पहले आए एक किरायेदार युवक ने गुरुवार की रात जन्मदिन की पार्टी मनाने के नाम पर पिता पुत्र को कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला कर गहरी नींद में सुला दिया। इसके बाद किरायेदार युवक पूरे घर को खंगाल कर उसमें रखे 18 लाख रुपये व अन्य सामान चोरी कर भाग गया। सुबह जब खिलोना कारोबारी के बेटा को होश आया तो उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। शान गली निवासी मुरारी लाल खिलोना का कारोबार करते हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी हेमलता अयोध्या भगवान श्रीराम के दर्शन करने गई थीं। घर पर उनके पति मुरारीलाल गुप्ता और बेटा विनय कुमार गुप्ता थे। उनके मकान की दूसरी मंजिल पर युवक हिमांशू इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए किराये पर आया था।
पीड़िता ने बताया कि वह यहां रह कर पढ़ाई कर रहा था। 21 मई दिन गुरुवार को युवक ने अपना जन्मदिन मनाने की बात कही। इसके लिए वह केक और कोल्ड्रिंक लेकर आया और पिता पुत्र को नशीली दबा मिला कर पिला दिया। इसके बाद वह घर में रखे आभूषण, नकदी लेकर फरार हो गया। इस मामले में थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। दो महीनों की कड़ी मेहनत के बाद थाना पुलिस को 30 अगस्त को सफलता हाथ लग गई। पुलिस ने चोरी के दो आरोपियों को कांशीराम कालोनी के पास पानी की टंकी के पास से राति 12 बजे के करीब गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गये आरोपी कृष्ण उर्फ कन्हैया उर्फ धीरज के कब्जे से एक जोड़ी कुंडल पीली धातु, एक चौन पीली धातु, तीन नींद की गोलियां एवं 3200 रुपये तथा दीपू गुप्ता के कब्जे से एक जोड़ी कुंडल पीली धातु, एक लेडीज अंगूठी पीली धातु, दो नींद की गोलियां एवं 1200 रुपये और प्लास और पेचकस बरामद किया है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गये चोरों ने बताया कि एक अन्य साथी बबलू निवासी धनीपुर ब्लाक सांई मंदिर के पास महुआखेड़ा अलीगढ़ के साथ मिलकर किरायेदार बनकर लोगों के घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।





