फिरोजाबाद: जेई पर अभद्र व्यवहार का आरोप, भाकियू क्रांति ने स्थानांतरण की मांग

फिरोजाबाद। क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर को लेकर भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सचेंज) ग्रामीण विद्युत वितरण खंड को शिकायत पत्र सौंपकर संबंधित अवर अभियंता के स्थानांतरण एवं विभागीय जांच की मांग की है।

यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने आरोप लगाया कि ग्रामीण किसानों की समस्या को लेकर संबंधित जेई से दूरभाष पर वार्ता के दौरान उनके साथ अभद्र एवं असम्मान जनक व्यवहार किया गया। उन्होंने वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में शिकायत के साथ संलग्न करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि यूपीएसआईडीए क्षेत्र में करीब 20-25 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण ग्रामीण किसान विद्युत समस्या से परेशान हैं। किसानों के अनुरोध पर उन्होंने संबंधित जेई से समस्या के समाधान को लेकर बातचीत की थी। उनका कहना है कि बातचीत के दौरान उन्होंने अपना परिचय भी दिया, इसके बावजूद जेई का व्यवहार कथित रूप से उचित नहीं रहा।

शिकायत में ग्रामीणों द्वारा यह भी आरोप लगाए जाने का उल्लेख किया गया है कि संबंधित जेई करीब पांच वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं। किसानों का कहना है कि उनके साथ जेई का व्यवहार लंबे समय से असंतोष जनक रहा है। शिकायत में दलाली, अनियमितता तथा विद्युत चोरी के मामलों में कथित लेन-देन एवं समझौते जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। यूनियन ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने मांग की है कि संबंधित जेई की तैनाती और उनके खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच कर सात दिवस के भीतर उनका स्थानांतरण किया जाए तथा जांच में दोष पाए जाने पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाए। यूनियन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर किसानों के हित में सात दिन बाद अधिशासी अभियंता कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

 

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 302

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *