फिरोजाबाद: जिलाधिकारी ने नगला डरुआ, नगला खरसुली एवं उ.प्रा.वि. नगला खरसुली का किया निरीक्षण

-बच्चों के सामान्य ज्ञान का परखा, साफ-सफाई के दिए निर्देश

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने शनिवार को सदर ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत नगला डरुआ, नगला खरसुली एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला खरसुली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों के पठन-पाठन का स्तर जांचा, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता परखी और विद्यालयों की स्वच्छता व बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नगला डरूआ के निरीक्षण के दौरान कक्षा पांच के छात्र मनीष से हिंदी विषय की पुस्तक पढ़वाई। छात्र के पठन कौशल की सराहना करते हुए उन्होंने उपस्थित बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा टॉफी वितरित कीं। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजीयन का गहन अवलोकन किया और पठन-पाठन के स्तर में और सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग शौचालय और मध्याह्न भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया, जहाँ एमडीएम निर्धारित मीनू के अनुसार बनता पाया गया। प्रधानाचार्या ने विद्यालय के सामने स्थित खाली भूमि को बच्चों के खेल मैदान के रूप में आवंटित करने का अनुरोध किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय खरसुली में बच्चों के सामान्य ज्ञान और विद्यालय परिसर में स्वच्छता का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से ‘पार्ट्स ऑफ बॉडी‘ (शरीर के अंगों के नाम) पूछे, जिस पर बच्चों ने सटीक उत्तर दिए। विद्यालय परिसर में बने जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र (बाल वाटिका) के भवन को सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बेसिक शिक्षा के स्तर में सुधार शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में अध्यापकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सुनिश्चित किया जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 294

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *