फिरोजाबाद। हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल और दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच हॉकी टूर्नामेंट खेला गया। जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल टीम विजेता रही।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दिल्ली पब्लिक स्कूल फिरोजाबाद एवं दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। मैच के पहले हाफ में डीपीएस फिरोजाबाद के मास्टर असीम यादव ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने बराबरी के लिए लगातार आक्रमण किए, लेकिन डीपीएस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त को बरकरार रखा। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका और दिल्ली पब्लिक स्कूल, ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने असाधारण खेल, कौशल एवं उपलब्धियों से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया और उनकी खेल भावना आज भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। समापन अवसर पर जिला खेल अधिकारी मुकेश कुमार एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव प्रदीप भारद्वाज ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी मुकेश कुमार, जिला ओलंपिक संघ के सचिव प्रदीप भारद्वाज, उप सचिव मनु यादव, क्रिकेट कोच निशांत खरे, बॉक्सिंग कोच भोजराज सिंह, एथलेटिक्स कोच अभिषेक यादव के अलावा नरेंद्र सिंह, रंजीत जादौन, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।








