फिरोजाबाद। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे ने जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं समेत बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने कारागार प्रशासन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
साथ ही बैरकों एवं पूरे परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं कारागार विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








