फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में सदर विधायक मनीष असीजा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्य योजनाओं और उनके प्रगति की समीक्षा की गई। सदर विधायक मनीष असीजा ने उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि एकीकृत बागवानी योजना के तहत किसानों के अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाएं। ताकि किसान लाभान्वित हो सके। किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए, किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले बैंकों को चिन्हित का नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों को प्राथमिकता पर सोलर पंप उपलब्ध कराने और खादों कि पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत में महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की जो पहल प्रशासन द्वारा की जा रही है, उसकी प्रशंसा सभी जनप्रतिनिधियों ने की। स्वयं सहायता समूह द्वारा मसाले का उपयोग परिषदीय विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन में किए जाने की पहल पर सभी जनप्रतिनिधियों ने डीसी एनआरएलएम तूलिका श्रीवास्तव की प्रशंसा की। बैठक में सीडीओ शत्रोहन वैश्य, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राम बदन राम, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आदि उपस्थित रहे।








