फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों को लेकर जनपद की पुलिस अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने पुलिस अधिकारियों एवं बल के साथ शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने जैन मंदिर चौराहे से पैदल गश्त शुरू कर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत आसपास के प्रमुख बाजारों एवं चौराहों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी। चौराहों पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर चेकिंग भी की गई। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी रविंशंकर प्रसाद, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के अलावा सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।








