फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान बंबा रोड कोटला चौराहा से लेकर टापाखुर्द चौराहे तक चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा लगाए गए बेंच, ठेल, तख्त, काउंटर व बोर्ड आदि को हटवाते हुए संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र के निर्देशन में नगर निगम की टीम ने बंबा कोटला चौराहा से लेकर टापाखुर्द चौराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर फुटपाथ को खाली कराया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के आवागमन के लिए हैं, इसलिए उन पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए।
अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी होने के साथ यातायात भी प्रभावित होता है। अधिकारियों ने दुकानदारों से फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम मौजूद रही।









