फिरोजाबाद: बारिश बनी आफत, कच्चे मकान की छत और दीवार गिरी

-एक ही परिवार के छह लोग मलबे में दबे, दो बच्चे समेत चार गंभीर

फिरोजाबाद। जिले में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। गुरुवार सुबह थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव परियारमऊ में एक कच्चे मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद एक ही परिवार के छह सदस्य मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज भेजा।

हादसे में हरिओम (40) पुत्र राजबहादुर, उनकी पत्नी मधु (35) तथा बच्चे निखिल (11), सूर्या (7), लालू (14), शिवा (6) और कृष्णा (करीब 7 वर्ष) घायल हुए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हरिओम सविता, एक महिला तथा दो बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी सिरसागंज अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जानने के साथ चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की छत और दीवार कमजोर होने से हादसा होना बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगातार बारिश के मद्देनजर जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसे भवनों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 114

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *