-परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर क्षेत्र के बटेश्वर रोड स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थाना नसीरपुर के गांव बाकलपुर निवासी बैताली उर्फ बंटी यादव (30) पुत्र विनोद यादव का शव बटेश्वर रोड स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पेड़ पर लटका मिला है। ग्रामीणों के अनुसार बंटी शराब पीने का आदी था और अक्सर इसी बात को लेकर परेशान रहता था। वहीं, परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। मृतक के पिता खेती के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नसीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर नसीरपुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






