फिरोजाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर 28 अगस्त को सिल्लौढ़ी सरकार समिति के तत्वावधान में 104 वें प्राचीन विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी गिरराज धरण सेवा समिति मित्र मंडली निभाएगी। दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। वहीं युवा एवं बाल पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 104 वर्षों से आयोजित हो रहा यह ऐतिहासिक दंगल भारतीय मल्लयुद्ध की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस वर्ष भी देशभर के ख्याति प्राप्त पहलवान अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उभरते युवा और बाल पहलवानों को भी मंच देकर नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। शिक्षाविद् रामसनेही लाल शर्मा यायावर ने कहा कि यह आयोजन केवल कुश्ती प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और खेल विरासत का प्रतीक है। मुकुल शुक्ला ने कहा कि भारतीय मल्लयुद्ध हमारी प्राचीन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
महापौर कामिनी राठौर, समिति सदस्य उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यह दंगल फिरोजाबाद की पहचान बन चुका है। जनसहभागिता और सहयोग से ही इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान समिति अध्यक्ष निकुंज शुक्ला ने किया। बैठक में संरक्षक श्याम सिंह यादव, अध्यक्ष संजय कुशवाह, संयोजक धीरज पाराशर, कोषाध्यक्ष आकाश गर्ग, रंजीत शर्मा, विनय विद्यार्थी, बंटू राठौर, देवेश भारद्वाज, मनोज ताऊ, योगेंद्र सिंह बाबा, दिलीप दुबे, रंजीत दुबे, दीपक गुप्ता कालू, अमित उपाध्याय आदि मौजूद रहे।








