शिकोहाबाद। सोमवार को बीडीएम गर्ल्स इंटर कालेज के सभागार कक्ष में एक सवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ ही अपना लक्ष्य निर्धारित करें। उस लक्ष्य को पाने के लिए अपनी प्लानिंग करें और फिर पढ़ाई करें।
प्रधानमंत्री के आहवान के बाद अब उनके द्वारा लाल किले से दिए गए भाषण को धरातल पर उतारा जाना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को बीडीएम गर्ल्स इंटर कालेज में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बीडीएम स्कूल की हाईस्कूल और इंटर की छात्राओं ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके लिए यह पड़ाव बहुत अहम है। इसी पड़ाव में आप लोग अपने कैरियर को संबार सकते हो।
उन्होंने अपने बारे में बताते हुए कहा कि उनका जन्म भी एक गांव में मध्यम परिवार में ही हुआ था। उन्होंने अपनी इंटर की पढ़ाई गांव के आसपास के विद्यालयों से की। इसके बाद वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ने चले गये। यहां उन्होंने अपना उद्देश्य तय किया और फिर उसी को लक्ष्य बना कर लगन और कड़ी मेहनत से पढ़े और आज आपके सामने मुख्य विकास अधिकारी के रूप में उपस्थित हैं।
इसी तरह आप लोग भी अभी जितनी मेहनत और लगन से पढ़ाई करोगे, आने वाला समय आपका होगा। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, विद्यालय की प्रधानाचार्य नीरा माथुर मौजूद रहीं। प्रधानाचार्या ने दोनों अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।








