-श्रीराम व श्रीपाल कॉलोनी की सड़कें बनवाने की मांग, नगर निगम के खिलाफ खोला मोर्चा
फिरोजाबाद। श्रीराम कॉलोनी में जलभराव और कीचड़युक्त गलियों की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से धरना एवं भूख हड़ताल शुरू कर दी। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा वत्स, राजबहादुर तेनगुरिया और सोनू मिश्रा भूख हड़ताल पर बैठ गये। समर्थन में भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों का उत्साहवर्धन किया।
भाकियू भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुवार को जिलाध्यक्ष के साथ पंडित अखिलेश शर्मा वत्स और प्रदेश महासचिव संजय शर्मा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें श्रीराम और श्रीपाल कॉलोनी की गलियों का शीघ्र निर्माण कराने तथा क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम द्वारा किए जा रहे कथित भेदभाव से निजात दिलाने की मांग की जाएगी। उन्होने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो लखनऊ में शिकायत की जाएगी और फिरोजाबाद में कलेक्ट्रेट के सामने प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। पंडित अखिलेश शर्मा वत्स ने आरोप लगाया कि कॉलोनी की समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम बनी हुई गलियों को तोड़कर दोबारा बनाने पर जोर दे रहा है, जबकि जिन स्थानों पर मकान तक नहीं हैं, वहां लंबी सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक श्रीराम कॉलोनी की गलियों का निर्माण शुरू नहीं होता, भूख हड़ताल जारी रहेगी। धरना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में कॉलोनीवासी और किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द गलियों का निर्माण कराने की मांग की।





