-गाजियाबाद से हरवंश सिंह ने ब्लाक पहुंच कर लिया चार्ज
शिकोहाबाद। ब्लाक में तैनात एडीओ पर कुछ महिलाओं ने अश्लील वीडियो काल करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद महिलाओं ने डीएम से शिकायत की। जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की थी। इसके बाद जांच रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने एडीओ को हटा दिया है। उनके स्थान पर गाजियाबाद से आए एडीओ को तैनात किया गया है।
ब्लाक में तैनात सहायक विकास अधिकारी एडीओ पर स्वयं सहायता समूह की आधा दर्जन से अधिक महिला संगिनियों ने रात में अश्लील फोन व वीडियो काल करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही महिलाओं ने इसकी शिकायत बीते मंगलवार को डीएम से की थी। इतना ही नहीं महिलाओं ने पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह से भी शिकायत की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की। जिसने मंगलवार को सभी महिलाओं और एडीओ के कार्यालय पर शाम चार बजे बयान दर्ज किए।
जांच टीम में सिरसागंज की न्यायिक एसडीएम शालिनी सिंह, नायब तहसीलदार मोहम्मद अजीम खान और बीडीओ प्रभात रंजन को शामिल किया गया था। टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद जिलाधिकारी ने तत्कालीन एडीओ धर्मेन्द्र कुमार को शिकोहाबाद से हटा कर अरांव भेज दिया है। जबकि उनके स्थान पर गाजियाबाद से आए एडीओ हरवंश को तैनात किया गया है। इस बारे में खंड विकास अधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि एडीओ धर्मेन्द्र को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर गाजियाबाद से हरवंश सिंह को एडीओ बनाया गया है।





