फिरोजाबाद। राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कॉलेज कैंपस में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना उत्तर प्रभारी ने चिकित्सा एवं नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।
थाना उत्तर उपनिरीक्षक करूणा सिंह ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध तथा अन्य साइबर घटनाओं के उदाहरण समझाए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारी ने समाधान बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान मेडीकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ योंगेश गोयल, थाना प्रभारी उत्तर रवि त्यागी आदि मौजूद रहे।





