-मंडलीय शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फिरोजाबाद। माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय श्रमिक इंटर कॉलेज में किया गया। प्रतियोगिता में आगरा, मैनपुरी, मथुरा एवं फिरोजाबाद जनपदों के विभिन्न आयु वर्गों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सदर विधायक मनीष असीजा ने शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल को खेल भावना के साथ खेलें और अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेशीय प्रतियोगिता में जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले कराए गए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी।
मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक क्षमता, धैर्य एवं एकाग्रता का परिचय दिया। अंडर-14 बालिका वर्ग में आगरा विजेता और फिरोजाबाद की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 बालिका वर्ग में मथुरा विजेता और फिरोजाबाद उपविजेता रही। अंडर-19 बालिका वर्ग में मथुरा विजेता और मैनपुरी उपविजेता रही। अंडर-14 बालक वर्ग में फिरोजाबाद विजेता और आगरा की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 बालक वर्ग में मथुरा विजेता और फिरोजाबाद उपविजेता बनी। अंडर-19 बालक वर्ग में फिरोजाबाद की टीम विजयी और मैनुपरी उपविजेता रही।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रधानाचार्य उमेश चंद्र यादव ने प्रतियोगिता में आए सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं खेल प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कौशलेन्द्र यादव, रामबाबू पचौरी, राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, राजेश मोहन पेंगोरिया, राकेश अग्रवाल, डॉ. आबाद हुसैन, सीमा सिंह, जकिया सुल्ताना, प्रधानाचार्य रामकेश यादव, पंकज भारद्वाज, राजीव शर्मा, सुरेश मिश्रा, सुनी यादव, श्यामशंकर पाण्डेय, दिनेश त्यागी, राजकुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।





