फिरोजाबाद: योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाना ही प्राथमिकता-सांसद

-जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा

फिरोजाबाद। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में पहुंचे सांसद अक्षय यादव ने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं पर बैठक में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता के विकास के लिए आने वाली योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसे सुनिश्चित करना जरूरी है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन की तरफ से एक सकारात्मक पहल यह की गई है कि प्रत्येक पंचायत भवन में पंचायत सचिवों को लेखपाल के साथ बैठाया जा रहा है, ताकि किसानों को घरौनी इत्यादि के निर्माण के लिए अन्यत्र कहीं भटकना न पड़े। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जल संरक्षण हेतु अधिक से अधिक चौकडैम बनाए जाएं तथा निर्मित तालाबों के सौंदर्यीकरण के साथ सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, ताकि किसी भी सम्भावित दुर्घटना को रोका जा सके। प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जहां भी चिकित्सकों की कमी है, वहां तत्काल चिकित्सकों की तैनाती की जाए। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर से कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पुरानी पेयजल टंकियां का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। जसराना विधायक सचिन यादव ने जसराना क्षेत्र में गैर कार्यशील टंकियां को तुरंत चालू कराया जाए, जिससे आम आदमी इसका लाभ उठा सके। जर्जर बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की जाए, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर फुकने की समस्या से निजात मिल सके। सांसद अक्षय यादव ने कहा कि नारखी में सांसद निधि से अंबेडकर पार्क का निर्माण किया जाना था, उसका निर्माण शीघ्र कराया जाए।

उन्होंने कहा कि अक्सर यह शिकायत मिलती है, कि यहां पर खाद्य पदार्थों में मिलावट होती है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है, इसलिए यहां पर छापेमारी इत्यादि की कार्रवाई निरंतर होती रहे, ताकि इस तरह कोई मिलावट न कर सके। बैठक में विधायक शिकोहाबाद डा मुकेश वर्मा, विधायक सिरसागंज सर्वेश यादव, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, ब्लॉक प्रमुख हाथवंत सुरेश यादव, निगरानी समिति के सदस्य दिलीप यादव, विजय आर्या, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त प्रशांत नगर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जयसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहें।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 404

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *