फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान फिरोजाबाद में आयोजित कार्यक्रम में साइबर सेल टीम ने प्रशिक्षणार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग एप, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक और यूपीआई धोखाधड़ी से बचने की जानकारी दी गई। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा निजी विवरण साझा न करें।साइबर सेल ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध लिंक और संदेशों से सावधान रहने के लिए भी जागरूक किया। इस दौरान साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें और सतर्क रहकर स्वयं व अपने परिवार को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रखें।








