फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो, अतिक्रमण और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने के मामलों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 55 ऑटो के चालान किए। इसके अलावा जैन मंदिर, आसफाबाद चौराहा, एटा चौराहा शिकोहाबाद, सुभाष चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।
पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा करने के निर्देश दिए, जिससे जाम की समस्या से राहत मिल सके।
वहीं, नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने पर 10 ई-रिक्शा सीज किए गए। संबंधित लोगों को भविष्य में नाबालिगों से वाहन न चलवाने की चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को भी अभियान के तहत 28 ऑटो के चालान और नाबालिगों द्वारा संचालित 12 ई-रिक्शा सीज किए गए थे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने की अपील की।








