फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 20 कट्टे फार्च्यून बेसन, कुल करीब 400 किलोग्राम बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के खुलासे और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 सितंबर को थाना दक्षिण पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमा संख्या 953/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मी नारायण पुत्र नैहने राठौर, निवासी गली नंबर-3, गल्ला मंडी में किराये का मकान, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया।पुलिस के मुताबिक दोनों की निशानदेही पर फूलबाड़ी, संत नगर स्थित नीलू के घर से चोरी किए गए सामान में से 20 कट्टे बेसन बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अर्जुन राठी और कांस्टेबल जीतेश कुमार शामिल रहे।








