फिरोजाबाद: वार्ड 62 के मौहल्ला हसमत नगर में तीन करोड 20 लाख रू. से होंगे विकास कार्य

-महापौर ने भाजपा पदाधिकारियों संग सड़क निर्माण का भूमि पूजन कर किया शुभारम्भ

फिरोजाबाद। नगर निगम की महापौर ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 62 के विभिन्न मोहल्लों में विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों पर करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इनमें आरसीसी नाली, सीसी सड़क निर्माण, सड़क विकास और वृक्षारोपण जैसे कार्य शामिल हैं।

महापौर कामिनी राठौर ने भाजपा पदाधिकारियों संग रामगढ़ थाने के पास सुपर फाइन ग्लास वाले रोड पर लगभग तीन करोड़ 20 लाख रू. की लागत से सड़क निर्माण कार्यो भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया। वार्ड नंबर 62 के मोहल्ला हसमतनगर गली नंबर एक में सलमान मेडिकल से मस्जिद हबीब होते हुए किशन चौधरी के मकान तक कच्ची गली में आरसीसी नाली एवं सीसी निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस कार्य पर 43 लाख 14 हजार 145 रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा मोहल्ला अब्बास नगर में सौरभ के मकान से मुन्ना सिद्धू होते हुए सुल्तान हसन मस्जिद तक आरसीसी नाली एवं सीसी निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिस पर 28 लाख 48 हजार 725 रुपये की लागत आएगी। फौजी ट्रेडर्स से इरफान की बाउंड्री तक सड़क विकास, सीसी सड़क निर्माण तथा ट्री गार्ड के साथ वृक्षारोपण कराया जाएगा। इस परियोजना पर एक करोड़ 42 लाख 2 हजार 174 रुपये खर्च किए जाएंगे।

वहीं मोहल्ला हजरतनगर बेलवा वाली गली में सैंडोली से नफीसा बेगम तक तथा सद्दाम हुसैन, सलीम और नजमा से बाबू खान के मकान तक आरसीसी नाली एवं सीसी निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस कार्य पर एक करोड़ 5 लाख 8 हजार 330 रुपये की लागत आएगी। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में प्रमोद बघेल, उदय प्रताप सिंह, भगवान दास शंखवार, केशवदेव कुशवाह, सूरज बघेल, केडी जाटव, गीता राठौर, पार्षद रिजवान तमन्ना, सत्यवीर सिंह गुर्जर, निर्मल शर्मा आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 411

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *