फिरोजाबाद: बोर्ड बैठक न बुलाने व वार्डा में विकास कार्य न होने पर नगर निगम में पार्षदों ने दिया धरना

-भाजपा, सपा सहित विभिन्न दलों के पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

फिरोजाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक लंबे समय से न बुलाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को पार्षदों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। भाजपा, सपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पार्षद नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पार्षदों का कहना है कि नगर निगम की बोर्ड बैठक न बुलाए जाने के कारण शहर के विकास और वार्डों की जनसमस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि बोर्ड बैठक न होने से वार्डों की समस्याएं लंबित पड़ी हैं और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय नहीं हो पा रहा है। धरने पर बैठे पार्षदों ने कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक नियमित रूप से आयोजित होना जरूरी है, ताकि पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को सदन के सामने रख सकें। उनका कहना है कि बैठक न होने से जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और निर्णय प्रभावित हो रहे हैं।

पार्षदों ने कहा कि वार्डो में सफाई कर्मचारियों की कमी है। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी रिटायर हो गये उनके स्थान पर कर्मचारी दिये जाये। जिससे सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से हो सके। पार्षदों के धरने और नारेबाजी से नगर निगम परिसर में दिनभर हलचल बनी रही। नगर आयुक्त प्रशांत नागर में मौके पर पहुंचकर पार्षदों को शाम तक 20 सूत्रीय समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षदों ने धरना समाप्त हो गया। धरना प्रदर्शन में पार्षद रेखा यादव, मुनेन्द्र यादव, पूनम शर्मा, देश दीपक यादव, उषा शंखवार, सारिक सलीम, पावन गुप्ता, दिनेश शर्मा, सुभाष यादव, विजय शर्मा, नरेश शर्मा इमरान मंसूरी सहित अन्य पार्षद शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 411

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *