फिरोजाबाद। पुलिस लाइन मैदान में शुक्रवार से शुरू हुई आगरा जोन की 19वीं अंतरजनपदीय महिला एवं पुरुष पुलिस हॉकी प्रतियोगिता में मेजबान फिरोजाबाद टीम ने शानदार शुरुआत की। उद्घाटन मुकाबले में फिरोजाबाद पुरुष पुलिस हॉकी टीम ने मैनपुरी को एक तरफा मुकाबले में 6-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक पुलिस लाइन के मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे आयोजन सचिव के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में आगरा जोन की कुल आठ पुलिस टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन समारोह में सभी टीमों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। फिरोजाबाद टीम के कप्तान अभिषेक ने सभी खिलाड़ियों को सच्ची खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। उद्घाटन मैच में फिरोजाबाद की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और मैनपुरी को 6-0 से हराकर शानदार जीत हासिल की। डीआईजी ने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आमंत्रित अतिथि, राजपत्रित अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, टीम मैनेजर और विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।








