-20 सितम्बर से स्वामी ज्ञानानंद महाराज करेंगे दिव्य गीता सत्संग
फिरोजाबाद। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के तत्वावधान में तीन दिवसीय भव्य दिव्य गीता सत्संग 20 से 22 सितम्बर तक नगर के पॉलीवाल में होने जा रहा है। जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जीओ गीता के प्रदेश युवा प्रभारी अभिषेक मित्तल क्रांति ने बताया कि आगामी 20 22 सितंबर से अपराह्न 3ः30 बजे से सायं 6ः30 बजे तक परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को दिव्य गीता सत्संग एवं अमूल्य ज्ञान रूपी प्रवचनों का पुण्य लाभ प्राप्त होगा। कार्यक्रम संयोजक अजय जिंदल ने कहा कि आज का मानव जीवन अत्यधिक भागदौड़, व्यग्रता और मानसिक अशांति के दौर से गुजर रहा है। भौतिक सुख-सुविधाएं होने के बावजूद मनुष्य भीतर से अकेला और अशांत महसूस कर रहा है। ऐसे विकट समय में श्रीमद्भगवद् गीता के सार्वभौमिक एवं दिव्य संदेश ही संपूर्ण समाज को सही दिशा दिखा सकते हैं और जीवन जीने की कला सिखा सकते हैं।
संयोजक विनय कुमार गोयल ने बताया कि सत्संग के साथ-साथ 21 और 22 सितंबर को प्रातः 7 बजे से विशेष ध्यान साधना सत्र का आयोजन किया जाएगा। दिनेश अग्रवाल ने बताया कि इस सत्र के दौरान श्रद्धालुओं एवं साधकों को व्यावहारिक योग, प्राणायाम और ध्यान साधना का अभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे अपने व्यस्त जीवन में मानसिक तनाव से मुक्त होकर आंतरिक एवं आत्मिक शांति की अनुभूति कर सकें। संयोजक राजू मित्तल ने बताया कि 22 सितंबर को सायं 6ः30 बजे से एक अद्भुत एवं विशाल सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें कंठस्थ कला केंद्र, बिजनौर के राष्ट्रीय स्तर के सुप्रसिद्ध एवं दक्ष कलाकारों द्वारा भगवान श्री कृष्ण की अलौकिक लीलाओं का भव्य एवं दिव्य मंचन किया जाएगा।
इस मंचन के माध्यम से दर्शक भगवान श्री कृष्ण के दिव्य जन्म, बाल लीलाओं, माखन चोरी, कंस वध से लेकर महाभारत युद्ध के विभिन्न प्रसंगों तथा कुरुक्षेत्र की भूमि पर हुए कालजयी श्री कृष्ण-अर्जुन संवाद के अत्यंत भावपूर्ण, जीवंत एवं मनमोहक दृश्यों का साक्षात दर्शन कर सकेंगे। वार्ता में शंकर गुप्ता, दीपक बंसल, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।








