फिरोजाबाद: अज्ञात वाहन की टक्कर से बहरूपिया कलाकार की मौत

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के जहांगीरपुर गेलरई निवासी 27 वर्षीय बाबू नागर की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह राजपुर से पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बाबू नागर पुत्र रमेश शादी-विवाह समारोहों में बहरूपिया का भेष बनाकर लोगों का मनोरंजन करता था और इसी के माध्यम से भिक्षा मांगकर परिवार का पालन-पोषण करता था। बुधवार रात वह राजपुर से पैदल घर लौट रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गुरुवार सुबह 7 बजे घायल अवस्था मे मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन उसे लेकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद घायल बाबू के उपचार को लेकर उन्हें इधर से उधर भेजा जाता रहा। पहले उसे सर्जरी वार्ड में भेजा गया और वहां से सीटी स्कैन कराने के लिए भेज दिया गया। परिजनों का कहना है कि इस दौरान उन्हें उपचार और दवाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा।

उनका आरोप है कि समय से उपचार नहीं मिल पाने के कारण बाबू की हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और मामले की जांच की मांग की।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 467

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *