-डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फिरोजाबाद। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने तहसील सदर और सदर ब्लॉक में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथ संख्या 50, 51, 52, 53, 54, 55 और 31 पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया तथा वहां मौजूद मतदाताओं से बातचीत की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि पूरे जनपद में विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे मतदान निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं मतदान केंद्रो पर पुलिस बल तैनात रहा। राजनीतिक पार्टियों ने मतदान केंद्रो से लगभग 500 मीटर दूर अपने बस्ते लगाए।
-सदर तहसील में सर्वाधिक 4423 स्नातक मतदाता
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के दौरान सदर तहसील में स्नातक वर्ग के सर्वाधिक 4423 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। डीएम और एसएसपी ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर मतदान की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
स्नातक में 50.40 और शिक्षक वर्ग में 66.02 प्रतिशत मतदान
शुक्रवार को शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक जनपद में स्नातक वर्ग में कुल 50.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शिक्षक वर्ग में 66.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शिक्षक वर्ग में स्नातक वर्ग की तुलना में अधिक मतदान हुआ। प्रशासन ने पूरे चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की।









