-क्षमा, मैत्री और सौहार्द के संदेश से गूंज उठा महावीर जिनालय
फिरोजाबाद। जैन मिलन मुख्य शाखा, चंद्रनगर एवं सकल दिगम्बर जैन समाज के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मैत्री दिवस एवं क्षमावाणी महामहोत्सव का आयोजन किया गया। महावीर जिनालय में क्षमा, मैत्री और सौहार्द के संदेश से गूंज उठा।

छदामी लाल जैन मंदिर में वैज्ञानिक संत आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य और मुनि संघ एवं आर्यिका संघ की उपस्थिति में समाजबंधुओं ने एक-दूसरे से क्षमा मांगकर मैत्री एवं भाईचारे का संकल्प लिया। महामहोत्सव में सबसे क्षमा सबको क्षमा उत्तम क्षमा का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि क्षमावाणी महज परंपरा नहीं, बल्कि आत्मावलोकन और आत्मशुद्धि का पर्व है। मन, वचन और कर्म से हुई भूल के लिए क्षमा मांगना तथा दूसरों की भूलों को क्षमा करना ही इसकी मूल भावना है।

कार्यक्रम के दौरान समाजबंधुओं ने आपसी वैर-विरोध भुलाकर प्रेम, मैत्री और क्षमा की भावना को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। आयोजन ने समाज में सौहार्द, भाईचारे और परस्पर सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, महावीर प्रसाद जैन ‘मुन्ना बाबू’ विनोद कुमार जैन ‘मिलेनियम’, अनुप चन्द जैन एडवोकेट, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा महापौर कामिनी राठौर, नीता जैन, राहुल जैन, अरविन्द जैन, दीपक जैन, राहुल जैन, विनोद जैन मिलेनियम, महावीर प्रसाद जैन, मुकेश जैन विभव, डॉ धीरेंद्र जैन, मनीष जैन किड्स आदि मौजूद रहे।







