फिरोजाबाद: विश्व पर्यटन दिवस पर नींब करोरी धाम पहुंचे डीएम

-आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय के 120 बच्चे रहे साथ

फिरोजाबाद/टूंडला। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख धार्मिक पर्यटक स्थल नीब करोरी धाम में आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय सिरसागंज के 120 विद्यार्थियों के साथ जिलाधिकारी ने संवाद स्थापित कर उनके सांस्कृतिक प्रश्नों का उत्तर दिया और उत्तर जानना भी चाहा। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी के साथ-साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आर्य गुरुकुल महाविद्यालय के छात्रों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि ज्ञान का अर्जन एक निरंतर और सतत् प्रक्रिया है, ज्ञान को अर्जित करने की कोई उम्र नहीं है। उन्होंने एक प्रसिद्ध अंग्रेजी कहावत का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा उत्सुकता बनाए रखने, ध्यानपूर्वक सुनने और अपने केरियर के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों की तुलना उस कच्चे घड़े से की जो सही मार्गदर्शन मिलने पर जानकारी को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकते हैं।

संवाद के दौरान बाबा नीब करोरी के जीवन सिद्धांतों और उनसे जुड़े स्थलों कैंची धाम, वृंदावन, ऋषिकेश आदि पर चर्चा की गई, सही उत्तर देने वाले छात्र नितेश को मंच पर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा के सभी से प्रेम करो, सभी असमर्थ व्यक्तियों की सेवा करो, ईश्वर में अटूट विश्वास रखो, सदैव सत्य के मार्ग पर चलो के सिद्धांत को आप सबको अपने जीवन में आत्मसात् करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि बाबा के संदेशों को ज्यादा से ज्यादा लोग आत्मसात करें, तभी इस धरा पर शांति आ सकती है। यह स्थान न केवल धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि हम सभी जनपद वासियों के लिए यह ऐसा स्थान है, जहां आकर हम बाबा के बताएं मानवता भरे रास्ते पर चलने के लिए अभिप्रेरित होते हैं।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज के 115 विद्यार्थियों एवं पांच शिक्षकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर होमस्टे के देवेश कुमार, शशिकांत सौरभ, काका शिवाजी, हेमंत को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, प्राचार्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज सत्यकांत तोमर, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवाकांत पलिया ने किया।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 566

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *