-महात्मा गांधी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 18 अक्टूबर को होगी प्रतियोगिता
फिरोजाबाद। आदर्श विकास संस्थान द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान एक राष्ट्र-एक परिवार, संयुक्त परिवार-सुखी परिवार के तहत बच्चों में वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता महात्मा गांधी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 18 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से आयोजित की गई है।
जिला प्रवक्ता डॉ. मयंक भटनागर ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। विद्यार्थियों को चार वर्गों में बांटा गया है। प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार के साथ 10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 50 या उससे अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता कराने वाले विद्यालय के डायरेक्टर अथवा प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान के सदस्यों के बच्चों को प्रतियोगिता शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। प्रथम बार प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को सदस्यता प्रदान कर आगामी प्रतियोगिताओं में शुल्क में 50 प्रतिशत छूट देने की व्यवस्था भी की गई है। संस्थान के “एक राष्ट्र-एक परिवार” फैमिली बर्थडे क्लब के माध्यम से बच्चों को जन्मदिन पर उपहार देकर परिवार एवं संस्था से जोड़ने की पहल भी की जाएगी। वार्ता के दौरान राजेश दुबे, तरूण उपाध्याय, मनीष शर्मा, ऋषभ शर्मा, डीके सिंह, सूरज यादव, सत्यम राठौर, खुशी दुबे, अर्चना दुबे, आदि मौजूद रहे।









