फिरोजाबाद: पत्नी से फोन पर अनबन के बाद ट्रैवल्स एजेंसी में फंदे पर लटका चालक

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित ट्रैवल्स एजेंसी में मंगलवार रात ईको कार चालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह एजेंसी मालिक ने शटर खोला तो चालक का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हैवतपुर रोड, अध्यापक नगर निवासी सत्यप्रकाश उर्फ बबलू (40) वर्तमान में नगला भाऊ के गोविंद नगर में परिवार के साथ रहता था। वह ईको कार चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को उसकी पत्नी लक्ष्मी बच्चों के साथ सिरसागंज गई थी। रात में सत्यप्रकाश बस स्टैंड के पास स्थित ट्रैवल्स एजेंसी में रुक गया था। पुलिस के अनुसार, देर रात मोबाइल पर पत्नी से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने एजेंसी के अंदर पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी।

बुधवार सुबह एजेंसी मालिक सीटू ने शटर खोला तो शव देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 617

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *