फिरोजाबाद। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भाजपाइयों का आक्रोश फूट पड़ा।
मंगलवार को उत्तर मंडल के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोटला रोड स्थित बंबा चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान चौराहे पर भारी गहमागहमी का माहौल रहा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे मुर्दाबाद और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय भाषा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस नेता अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख बौखलाहट में इस तरह के निम्न स्तरीय बयान दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह देश के प्रधान सेवक का अपमान है, जिसे भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी अस्मिता से जोड़कर देखता है। अगर भविष्य में दोबारा किसी भी कांग्रेसी नेता ने प्रधानमंत्री पर इस तरह की ओछी या अमर्यादित टिप्पणी करने का दुस्साहस किया, तो भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे और ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। इस दौरान गेंदालाल राठौर, हरिशंकर राठौर, ठाकुर दिनेश जादौन, पीके दिवाकर, अनिल अमीना, रामकेश झा, जय किशन, संजय शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, नाहर सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।







