फिरोजाबाद। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार वाहनों एवं छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सीएमओ कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में 01 से 31 अक्टूबर, तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर, तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर बुखार के रोगियों की पहचान, टीकाकरण से वंचित बच्चों का चिन्हीकरण, कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की पहचान तथा संचारी रोगों से संबंधित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।








