-कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों को जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्ग दर्शन में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों एवं स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल सहित जनपद के इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य और प्राध्यापक उपस्थित रहे।
सीडीओ ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और आमजन को स्वयं जनगणना फॉर्म भरने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षाविदों को स्व-गणना करने की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने बताया कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे स्वयं अपना फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए स्मार्ट क्लास सहित अन्य उपलब्ध संसाधनों की सहायता भी ली जा सकती है।









