फिरोजाबाद: शिक्षा एवं शासकीय योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी-डीएम

-निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

फिरोजाबाद। निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और शासकीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से नहीं करेगा, उसके विरुद्ध कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे स्कूल सेफ्टी ऑडिट हेतु निर्धारित समिति के सदस्यों के साथ बैठक करते हुए कहा कि जिन विकास खंडों में ऑडिट का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां के प्रधानाध्यापकों को चेक लिस्ट शेयर कर कमियों को तत्काल दूर करें। ताकि जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। राष्ट्रीयकृत बैंकों में नवीन खाते खोले जाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त की और लीड बैंक मैनेजर को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि इस इसमें गति लाए। निपुण प्लस आंकलन की प्रगति शत-प्रतिशत न होने पर संबंधित उत्तरदायी अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए।

साथ ही डाइट मेंटर द्वारा शत-प्रतिशत सहयोगात्मक पर्यवेक्षण पूर्ण न करने पर कड़ी चेतावनी देते हुए इस माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सभी डायट प्रवक्ताओं को नियमित रूप से दैनिक डायरी बनाने के निर्देश दिए। यू-डायस प्लस कार्य में प्रगति असंतोषजनक मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं तथा कार्य न करने वाले विद्यालयों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करें। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को शिक्षकों के लंबित एरियर का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में पाया गया कि पीएम पोषण-विद्यालय निरीक्षण का निर्धारित लक्ष्य पूर्ण नहीं हुआ है। लक्ष्य पूर्ण न करने वाले अधिकारियों को दो दिन के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ शत्रोहन वैश्य, एडीएम कल्पना जायसवाल, सीएमओ डॉ रामबदन राम आदि मौजूद रहे।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 92

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *