फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने सीडीओ संग राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बाल गृह में रह रहे बच्चों की देखभाल, पढ़ाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवास व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सीडीओ शत्रोहन वैश्य के साथ राजकीय बाल गृह का निरीक्षण करते हुए बच्चों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने यहां मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। बातचीत के दौरान कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता के पास जाने की इच्छा जताई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्राबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन बच्चों के घर का पता संभव हो सके, उन्हें नियमानुसार उनके परिजनों से मिलने की प्रक्रिया प्राथमिकता पर पूरी की जाए। बाल गृह के कर्मचारियों ने अवगत कराया कि यहां पर नियमित अंतराल पर डॉक्टरों द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है। जिलाधिकारी ने बच्चों के अध्ययन स्तर को परखते हुए निर्देश दिए कि उनके शैक्षणिक विकास और स्वास्थ्य हमेशा प्राथमिकता पर रहें। उन्होंने कहा कि बच्चों को सीखने और सीखाने की प्रक्रिया अत्यंत सरल और सहज होनी चाहिए, जिससे बच्चे अपनों से बिछुड़ने के दर्द से मुक्त हो सके और मानसिक रूप से भी मजबूत बन सकें। डीएम, सीडीओ ने बच्चों को अपने हाथों से फल का वितरण किया। इस दौरान प्रोवेशन अधिकारी आदि उपस्थित रहें।








