फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1,080 लाभार्थियों को मंच से लाभान्वित किया गया। वहीं अभियान के प्रारंभ से आयोजन तक कुल 2,19,650 लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार तृतीय, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विभागों से आपसी समन्वय के साथ पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। प्राधिकरण सचिव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सात लाभार्थियों को व्यक्तिगत शौचालय के प्रमाण पत्र दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को आरएफ एवं सीआईएफ के डेमो चेक वितरित किए गए। जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। मत्स्य पालन विभाग की ओर से चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि उद्यान विभाग ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत छह लाभार्थियों को लाभान्वित किया। श्रम विभाग ने मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा कन्या विवाह सहायता योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से टीएलएम एवं ब्रेल किट वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग ने पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिए। बाल सेवा योजना के तहत चार बच्चों को प्रमाण पत्र दिए गए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने पांच दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल तथा चार लाभार्थियों को श्रवण यंत्र एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। कौशल विकास मिशन के तहत टेलीकॉम ग्रामीण उद्यमी कोर्स के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर का उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सेवाओं से जोड़ने के साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।








