फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें तीन मोबाइल रसूलपुर थाने में दर्ज चोरी के तीन मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि तीन मोबाइल अन्य स्थानों से चोरी किए गए थे।
एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को रसूलपुर थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भारत टाकीज के सामने बिजलीघर के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ क्षेत्र की मक्का कॉलोनी निवासी वारिस (19), आकाशवाणी रोड निवासी अयान (20), अरमान उर्फ पंजी (21), करीमगंज निवासी सोमिल (20) और आकाशवाणी रोड निवासी फैशल (21) के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से छह चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज तीन मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, अन्य स्थानों से चोरी किए गए तीन मोबाइलों की बरामदगी के संबंध में रसूलपुर थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में वारिस, अयान और अरमान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। अरमान के खिलाफ रामगढ़ थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।








