-बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर की दीर्घायु की कामना
फिरोजाबाद। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दौज का पर्व जिलेभर में हर्षाेल्लास और परंपरागत श्रद्धा के साथ मनाया गया। दीपावली के बाद आने वाले इस पावन पर्व पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि, खुशहाली और लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा और सम्मान का संकल्प दोहराया।
सुबह से ही घरों में भाई दूज की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने स्नान कर नए एवं सुंदर वस्त्र धारण किए और पूजा की थाली सजाई। थाली में रोली, अक्षत, मिठाई, दीपक और गोला रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें उपहार एवं शगुन भेंट किए।
वहीं भाईदौजत को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोगों ने अपनी बहनों और भाइयों के लिए मिठाइयां, फल, उपहार तथा अन्य सामानों की खरीदारी की। रंग-बिरंगी मिठाइयों और आकर्षक उपहारों से बाजार सजे नजर आए। त्योहार के चलते बाजारों में रौनक बनी रही।








