-एफ.एस.कॉलेज ऑफ नर्सिंग में स्तनपान दिवस पर हुआ जागरूक कार्यक्रम
फिरोजाबाद। एफ.एस. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं समाज को शिशु के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया कि मां का दूध शिशु के लिए सिर्फ आहार नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की पहली मजबूत नींव है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मॉ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्तनपान के लाभ, मां के दूध की पौष्टिकता तथा नवजात शिशु के स्वास्थ्य में इसकी महत्वपूर्ण पर प्रकाश डाला। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्तनपान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और माताओं को जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया। कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव, प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव, डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज एवं महानिदेशक डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ माताओं और बच्चों से रखी जाती है।
स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. फराह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि तथा डॉ. पंकज ने भी विद्यार्थियों को स्तनपान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। नर्सिंग की प्राचार्या निशा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








