-कार्यक्रम में राम राज्याभिषेक, अष्टलक्ष्मी झांकी और महाकाल की भस्म आरती ने मोहा मन
फिरोजाबाद। संस्कार भारती महानगर के तत्वावधान में तिलक इंटर कॉलेज प्रांगण में दीपावली आनंद महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना की मनमोहक छटा देखने को मिली। धार्मिक झांकियों, नाट्य प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर किया। कार्यक्रम का आगाज वैष्णवी कला मंच मुरादाबाद के प्रसिद्ध कलाकार राहुल सोनी ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद कलाकारों ने अष्टलक्ष्मी की भव्य झांकी, भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक, बाबा नीम करौली पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, राधा-कृष्ण की नाटिका, महाकाल की भस्म आरती और शिव बारात की दिव्य प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राहुल सोनी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं भव्य आतिशबाजी ने दीपावली के उत्सव को और आकर्षक बना दिया। अतिथियों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराएं हमारी पहचान एवं गौरव हैं।

संस्कार भारती जैसे संगठन कला और संस्कृति के माध्यम से गौरवशाली विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, संस्कार और सत्य की विजय का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवी चरण अग्रवाल ने की। उज्जैन महाकालेश्वर पीठाधीश्वर प्रणवपुरी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में किशन कुमार बंसल, जितेंद्र यादव, नरेंद्र प्रकाश, उमाशंकर अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, संजय प्रकाश मित्तल, विनोद कुमार जैन, प्रमोद कुमार गोयल, अनुपम शर्मा, विवेक अग्रवाल के अलावा संस्कार भारती के महानगर अध्यक्ष बृजेश यादव, महामंत्री प्रवीन अग्रवाल, संयोजक कृष्ण मुरारी अग्रवाल, दीपक गुप्ता कालू, कपिल अग्रवाल, दयाशंकर गुप्ता, उद्देश्य तिवारी, शिवाकांत पलिया, शैलेश अग्रवाल, रमेश बंसल, नितिन बंसल, रवींद्र बंसल, मयंक सारस्वत, विकास बंसल, मीडिया प्रभारी अनुग्रह गोपाल अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं मौजूद रहे। संचालन महामंत्री प्रवीन अग्रवाल एवं शिवाकांत पलिया ने किया।








