फिरोजाबाद: किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें-गौरव सिंह

-ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग के प्रति किया जागरूक

फिरोजाबाद। भारतीय रिजर्व बैंक के अंतर्गत नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गांव नैपई में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं, जमाकर्ताओं के अधिकारों, डिजिटल भुगतान, साइबर सुरक्षा तथा वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम मे बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक गौरव सिंह ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा केवल अधिकृत डिजिटल माध्यमों से ही लेनदेन करें। ग्राम विकास अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि वित्तीय साक्षरता ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। सरकारी योजनाओं का लाभ बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से सुरक्षित तरीके से लेने का आह्वान किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य वेद प्रकाश ने कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

पूर्व प्रधान अवनीश यादव ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक परिवार बैंकिंग एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सके। अंकित शर्मा ने जमाकर्ताओं के अधिकार, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, बैंकिंग शिकायत निवारण व्यवस्था तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। के.के. शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी जागरण सेवा संस्थान भविष्य में भी भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोग से ऐसे जनहितकारी जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। इस दौरान कुसुम देवी, कुसुमा राठौर, आरती, अमित उपाध्याय, विवेक आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 4

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *