-हेलमेट, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने पर दिया जोर
फिरोजाबाद। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार लांग्हे के साथ प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा करने का संकल्प है। आमजन से अपील की गई कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपना सहयोग दें।







