-कार में फंसे छात्रों को उद्योगपति सहित स्थानीय लोगों ने निकाला, निजी अस्पताल में कराया भर्ती
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के एटा रोड पर सोमवार सुबह उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब झा क्लासेस कोचिंग सेंटर के छात्रों को लेकर जा रही तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार कई छात्र घायल हो गए। कार पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद वहां मौजूद शहर के प्रमुख उद्योगपति टीटू यादव सहित अन्य स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे सभी छात्रों को बाहर निकाला। घायल छात्रों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक मेवाराम के यहां भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सोमवार को झा क्लासेस के बच्चों को लेकर जा रही एक वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वैन पलटते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। समय रहते बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बच्चों से भरी इस वैन में कितने बच्चे सवार थे, क्या वैन में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चे बैठाए गए थे या फिर क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था? आखिरकार न जाने कितने ऐसे कोचिंग सेंटर और स्कूल होंगे, जहां बच्चों को लाने-ले जाने के लिए मानकों से अधिक सवारियां भरकर छोटे-छोटे वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्या इन वाहनों की नियमित जांच होती है, इनके पास बच्चों को ढोने के लिए जरूरी परमिट, फिटनेस और सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं। आरटीओ विभाग कब तक ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज करता रहेगा।







