-झलकारी बाई महाकुंभ में भाजपा सरकार पर साधा निशाना
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने भाजपा और योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
नगर के पालीवाल हॉल में आयोजित झलकारी बाई महाकुंभ में पहुंचे प्रो.रामगोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश की राजनीति, कानून व्यवस्था, विपक्षी गठबंधन और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं है। ओवैसी को भाजपा का एजेंट बताते हुए कहा कि ऐसे बयानों को अधिक महत्व देने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्सव वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में लोगों के पैरों में गोलियां मारी जा रही हैं, मकान गिराए जा रहे हैं और जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। ऐसे हालात में उत्सव की बात करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में कोई फैसला नहीं हुआ है। बातचीत चल रही है। पूर्व डीजीपी बृजलाल के बयान, भाजपा के मथुरा चिंतन शिविर और आजम खान से ईडी की पूछताछ को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। अयोध्या और सनातन के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ लोग सनातन का अर्थ ही नहीं जानते, ऐसे लोगों को क्या समझाया जाए। इन बयानों से प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत मिले हैं। इस दौरान पार्षद मनोज शंखवार ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को तलवार भेंट की। इस दौरान कोरी समाज के गणमान्य सहित सपा नेता मौजूद रहे।







