फिरोजाबाद: जमीनी रंजिश में प्रदीप की हत्या का एक और आरोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद। एका थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर उडेसर में जमीनी रंजिश को लेकर हुई प्रदीप कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवेन्द्र पुत्र गंगा सिंह निवासी ग्राम सिंहपुर थाना एका के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मंगलवार को महाराजपुर मोड़ स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे ग्राम सिंहपुर उडेसर निवासी प्रदीप कुमार (30) पुत्र ब्रज सिंह की जमीनी विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देवेन्द्र पुत्र गंगा सिंह यादव सहित कुल 13 आरोपियों के खिलाफ थाना एका में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम ने 16 नवंबर की रात को आरोपी देवेन्द्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान अवैध असलहे सहित गिरफ्तार किया था।

इसके बाद अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महाराजपुर मोड़ स्थित मंदिर के पास खड़े रवेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा मारपीट से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक विश्वेन्द्र सिंह, कांस्टेबल अमन छोकर, राम कुमार तथा गौरव कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 221

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *