फिरोजाबाद: मुठभेड़ में दो इनामी बदमाशों के पैर में लगी गोली, तीसरे ने किया आत्मसमर्पण

फिरोजाबाद। चोरी की घटनाओं में वांछित तीन शातिर बदमाशों को नारखी थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारखी और मक्खनपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित बदमाश चोरी का माल बेचने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे हैं। सूचना पर नारखी, मक्खनपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम ने जलेसर पुल सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में अनुज उर्फ अनूप उर्फ मोटा पुत्र घनश्याम और मिथुन पुत्र वेदप्रकाश, दोनों निवासी ग्राम केरावली, थाना करहल, मैनपुरी, के पैर में गोली लगी। वहीं उनका साथी अंशू पुत्र घनश्याम भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो चेन, एक अंगूठी, दो जोड़ी पाजेब, तीन करधनी, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी नारखी और मक्खनपुर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमों में वांछित थे। अनुज उर्फ अनूप पर विभिन्न जनपदों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अनुज और मिथुन की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने बताया कि 18 मार्च 2026 को नारखी क्षेत्र के हरीनगर लदपुरा में घर का ताला तोड़कर चोरी तथा 20 अगस्त को मक्खनपुर क्षेत्र के राजपुर बलाई में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। घायल अनुज और मिथुन को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में नारखी थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरी, एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार, मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *